400 से अधिक पुलिसकर्मियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

0
40
Health check-ups conducted for over 400 police personnel.

जयपुर। पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जयपुर पूर्व पुलिस की ओर से मंगलवार को पुलिस उपायुक्त कार्यालय के सभागार में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। डीजीपी—आईजीपी पुलिस सम्मेलन-2024 की सिफारिश संख्या-12 की अनुपालना तथा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के दो वर्षीय कार्यक्रमों के तहत आयोजित शिविर में 400 से अधिक पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविर का आयोजन पुलिस आयुक्तालय के सीएसआर साझेदार संस्थानों और मेट्रो मास हॉस्पिटल, मानसरोवर के सहयोग से किया गया। अस्पताल के अनुभवी चिकित्सकों और विशेषज्ञों की टीम ने पुलिसकर्मियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की और विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर चिकित्सकीय परामर्श दिया।

चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित खान-पान रखने और दैनिक दिनचर्या में आवश्यक सुधार करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। स्वास्थ्य जांच के दौरान जिन पुलिसकर्मियों को आगे की जांच या उपचार की आवश्यकता पाई गई, उन्हें चिकित्सकों ने आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजिता शर्मा ने चिकित्सा शिविर में सहयोग के लिए मेट्रो मास हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का स्वस्थ रहना उनकी कार्यक्षमता और कर्तव्य निर्वहन की क्षमता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। नियमित स्वास्थ्य देखभाल और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहतर स्वास्थ्य के साथ प्रभावी पुलिसिंग के लिए भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जयपुर पूर्व पुलिस की ओर से पुलिसकर्मियों के कल्याण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here