होटल के कमरे में चल रहा था ऑनलाइन जुआ-सट्टा: युवती समेत तीन गिरफ्तार

0
52

जयपुर। वैशाली नगर थाना इलाके में मेलोडी होटल के कमरे में ऑनलाइन जुआ-सट्टा संचालित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को होटल के कमरा नंबर 204 में दबिश देकर एक युवती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से दो लैपटॉप, एक टैबलेट और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के जरिए सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक पौडेल निवासी कुर्गा, जिला पर्वत, नेपाल, परीना गिरी (23) निवासी पड़रिया, जिला बाड़गंगा, नेपाल और पवन वैष्णव (38) निवासी इटरनल एग्जोटिया, पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मेलोडी होटल के कमरा नंबर 204 में दबिश दी। मौके पर दो युवक और एक युवती मिले। पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन माध्यम से क्रिकेट सहित अन्य खेलों पर लोगों से रुपए लगवाकर सट्टा संचालित कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर ऑनलाइन सट्टा चलाते थे। मौके पर करीब छह लाख रुपए के लेन-देन का हिसाब मिला, जबकि एक महीने का अनुमानित कारोबार करीब 18 लाख रुपए बताया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नेपाल और महाराष्ट्र से जयपुर पहुंचे थे और यहां होटल में कमरा लेकर ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से कितने लोग जुड़े हुए हैं और ऑनलाइन सट्टे के जरिए होने वाले लेन-देन का संचालन कहां से किया जा रहा था।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो लैपटॉप, एक टैबलेट और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों और बरामद सामान को आगे की कार्रवाई के लिए वैशाली नगर थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है।

पुलिस बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क, उससे जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आर्थिक पहलू की भी जांच की जाएगी, ताकि दूसरे शहरों से आकर जयपुर में ऑनलाइन सट्टे का संचालन करने वाले लोगों के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here