जयपुर। विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन के विवाद का राजीनामा कराने के बहाने बुलाकर युवक की चाकू घोंपकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें भट्टा बस्ती थाने का हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। वारदात में मृतक का भाई भी चाकू लगने से गंभीर घायल हुआ था। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि शास्त्री नगर में पानी की टंकी के पास कुछ दिन पहले कय्युम और रफीक उर्फ बकरी चोर के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद को सुलझाने और राजीनामा कराने के बहाने दिलशाद उर्फ ढिल्लू ने कय्युम को मंदिर मोड़ पर बुलाया। कय्युम अपने भाई शाकिर देशवाली के साथ वहां पहुंचा।
पुलिस के अनुसार मौके पर बातचीत के दौरान आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान रफीक उर्फ बकरी चोर ने शाकिर देशवाली पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में शाकिर गंभीर घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए कय्युम पर भी हारून ने चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
वहीं इस घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्याधर नगर थानाधिकारी सज्जन कुमार और डीएसटी प्रभारी दिलीप सोनी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर दबिश दी गई।
पुलिस ने मोहम्मद फरीद उर्फ फर्दू चाचा (37) निवासी न्यू संजय नगर, भट्टाबस्ती, शाहरुख (32) निवासी न्यू संजय नगर, भट्टाबस्ती और दिलशाद उर्फ ढिल्लु (40) निवासी सुदामापुरी, नाहरी का नाका, शास्त्री नगर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मोहम्मद फरीद भट्टाबस्ती थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट व रंगदारी सहित 17 से अधिक मामले दर्ज हैं। शाहरुख के खिलाफ पांच और दिलशाद के खिलाफ तीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस मुख्य आरोपी रफीक उर्फ बकरी चोर, हारून, आसिफ उर्फ चाकू सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में उनकी भूमिका और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।


















