रैपिडो बाइक राइडर को बुकिंग के बहाने बुलाकर लूटपाट करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0
36

जयपुर। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने रैपिडो बाइक राइडर को बुकिंग के बहाने बुलाकर उसके साथ मारपीट कर नकदी,मोबाइल और बाइक लूटने के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पुलिस के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूटी गई बाइक बरामद कर ली है। वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि शिवदासपुरा थाना पुलिस ने रैपिडो बाइक राइडर को बुकिंग के बहाने बुलाकर उसके साथ मारपीट कर नकदी,मोबाइल और बाइक लूटने के मामले का मुख्य आरोपित विनोद कुमार मीणा (24) निवासी कोटखावदा जयपुर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

आरोपी विनोद कुमार मीणा शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में कोटखावदा, विश्वकर्मा और शिवदासपुरा भी चोरी, मारपीट और लूट सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने लूटा गया मोबाइल अपने साथी रोहित मीणा के पास होना बताया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस आरोपी से वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूट की अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम ने ब ताया कि परिवादी विनोद चौधरी ने 8 मई 2026 को शिवदासपुरा थाने में मामला दर्ज कराया था कि वह अपनी बाइक को रैपिडो में चलाता है। 8 मई की रात उसे ‘कुनाल’ नाम से बुकिंग मिली। बुकिंग के अनुसार वह शिव नगर, मारको की ढाणी, वसुंधरा कुटुंब के पास, बास बीलवा पहुंचा।

वहां दो युवक मिले। विनोद ने जैसे ही उनसे राइड का ओटीपी मांगा, एक युवक ने लकड़ी से उसके सिर और हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसके बाद दोनों बदमाश उसकी जेब से 2100 रुपए नकद, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और सूचना तंत्र के आधार पर तलाश करते हुए आरोपित को धर—दबोचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here