पन्ना दिखाने के बहाने नगीना व्यापारी से ठगी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार

0
32

जयपुर। आदर्श नगर थाना पुलिस ने नगीना व्यापारी को झांसा देकर कीमती पन्ने ठगने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगा गया पूरा माल बरामद कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा भी जब्त की गई है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि आदर्श नगर थाना पुलिस ने नगीना व्यापारी को झांसा देकर कीमती पन्ने ठगने के मामले में मोहम्मद समीर (20) निवासी रामगंज को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगा गया पन्नों का पूरा पैकेट बरामद कर लिया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उससे ठगी की अन्य वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।

थानाधिकारी छगन डांगी ने बताया कि परिवादी अब्दुल जब्बार (35) निवासी तोपखाना हुजूरी, घाटगेट ने आदर्श नगर थाने में मामला दर्ज कराया था कि वह नगीनों का कारोबार करता है। 25 अगस्त को उसके मोबाइल पर समीर नाम के युवक का फोन आया। उसने नगीने खरीदने की इच्छा जताते हुए व्यापारी को अंकुर सिनेमा के सामने बुलाया। आरोपी अपनी एक्टिवा से आया था। जबकि व्यापारी अपनी बाइक से मौके पर पहुंचा। दोनों वहां से राजापार्क स्थित ‘मिल्कीवे’ और इसके बाद केएफसी के पास पहुंचे।

आरोपी ने व्यापारी से कहा कि उसे अपने बड़े भाई को माल दिखाना है। इसी बहाने उसने व्यापारी से पन्नों का पैकेट ले लिया और मौका मिलते ही गली के रास्ते भाग गया।
पुलिस टीम ने वारदात स्थल से लेकर आरोपी के संभावित भागने के रास्तों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी सहायता और सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व में की गई वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here