नगरीय निकाय चुनाव: अब तक 4238 अभ्यर्थियों ने प्रस्तुत किए 4884 नामांकन

0
44

जयपुर । जयपुर जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले के 19 नगरीय निकायों के 690 वार्डों में सदस्य पद के लिए 31 अगस्त को कुल 3549 अभ्यर्थियों ने 4099 नामांकन पत्र दाखिल किए । इस प्रकार नामांकन प्रक्रिया के तीन दिनों में कुल 4238 अभ्यर्थियों ने 4884 नामांकन प्रस्तुत किए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के प्रथम दिन 27 अगस्त को 48 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें 39 अभ्यर्थी शामिल थे। द्वितीय दिन 29 अगस्त को 737 नामांकन पत्र दाखिल हुए तथा 650 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रस्तुत किया। वहीं नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन 31 अगस्त को 4,099 नामांकन पत्र दाखिल हुए तथा 3,549 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। इस प्रकार तीनों दिनों में कुल 4,884 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए अब तक सर्वाधिक 1,392 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं, जिनमें 1,253 अभ्यर्थी शामिल हैं। चौमूं नगर परिषद में 234 नामांकन पत्र एवं 205 अभ्यर्थियों, शाहपुरा नगर परिषद में 533 नामांकन पत्र एवं 432 अभ्यर्थियों तथा चाकसू नगरपालिका में 365 नामांकन पत्र एवं 269 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रस्तुत किया है।

अन्य नगरीय निकायों में बगरू में 210 नामांकन पत्र, बस्सी में 211, दूदू में 171, जमवारामगढ़ में 164, जोबनेर में 109, कालाडेरा में 113, कानोता में 74, खेजरोली में 162, किशनगढ़-रेनवाल में 144, मनोहरपुर में 223, नारायणा में 170, फागी में 196, फुलेरा में 108, सांभर में 172 तथा वाटिका में 133 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।

नामांकन प्रक्रिया के बाद आगामी चरण

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सदस्य पदों के नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी। अभ्यर्थी 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। इसके पश्चात 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here