नशा तस्करों की 73.64 करोड़ की संपत्ति पर चला पुलिस का शिकंजा

0
47
Police crack down on drug smugglers' assets worth ₹73.64 crore.
Police crack down on drug smugglers' assets worth ₹73.64 crore.

जयपुर। नशा तस्करों की आर्थिक रीढ़ तोड़ने के लिए राजस्थान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत प्रदेश में नशे की अवैध कमाई से अर्जित 73 करोड़ 64 लाख 64 हजार 948 रुपए की चल-अचल संपत्तियों को कुर्क, फ्रीज और सीज किया गया है। कार्रवाई के तहत 38 मामलों में सक्षम प्राधिकारी से अंतिम कुर्की-जब्ती के आदेश स्वीकृत हो चुके हैं, जबकि 25 मामलों में कानूनी प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि नशे के काले कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए तस्करों के वित्तीय नेटवर्क पर प्रहार करना पुलिस की प्राथमिकता है। नशीली दवाओं की कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों को चिह्नित कर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में आदतन और कुख्यात नशा तस्करों के खिलाफ 63 इस्तगासे तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजे गए थे। इनमें से 38 मामलों में कुर्की और जब्ती के अंतिम आदेश जारी हो चुके हैं, जबकि 25 मामलों में विधिक प्रक्रिया चल रही है।

पुलिस ने तस्करों के मकान, निर्माणाधीन दुकान, कृषि भूमि, आवासीय भूखंड, कार, पिकअप, ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल सहित विभिन्न संपत्तियों को कार्रवाई के दायरे में लिया है।

चित्तौड़गढ़ में 68-एफ के तहत 20.35 करोड़ रुपए की संपत्तियां सीज की गईं। इनमें गंगरार निवासी राहुल बंजारा की 18.79 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति शामिल है। इसके अलावा कमलेश गुर्जर, बालकिशन धाकड़, रामेश्वर लाल अहीर, मोहम्मद उस्मान, रतनलाल जाट और सुरेशचंद्र जाट की संपत्तियों की कुर्की भी स्वीकृत हुई है।

बारां में राजाराम मीणा व रामगोपाल की 5.83 करोड़, दिनेश मीणा व सुरेंद्र की 5.83 करोड़, किशोर कुमार की 5.82 करोड़, बीरमचंद की 60.26 लाख तथा विशाल सांसी व बल्लू सांसी की 40.30 लाख रुपए की संपत्तियों के संबंध में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई स्वीकृत हुई है।

झालावाड़ में नौ आरोपियों की कुल 12.65 करोड़ रुपए की संपत्तियों की जब्ती स्वीकृत हुई है। इनमें बबलू तंवर की 5.59 करोड़, नरेंद्र सिंह की 1.81 करोड़, मोहनलाल तंवर की 1.13 करोड़ और सुगनचंद तंवर की 1.02 करोड़ रुपए की संपत्ति प्रमुख है। इसके अलावा गनी मोहम्मद, पांचूलाल मीणा, दिनेश सिंह, प्रभूलाल तंवर और रामलाल तंवर की संपत्तियां भी कार्रवाई के दायरे में हैं।

प्रतापगढ़ में स्वीकृत मामलों में 8.24 करोड़ रुपए की संपत्तियों पर कार्रवाई हुई है। इनमें शाहजेब उर्फ बल्ला का नवनिर्मित मकान, पोल्ट्री फार्म और वाहन सहित 2.10 करोड़ रुपए की संपत्ति, भुरालाल लबाना की 1.65 करोड़, शेफुल्ला शेख की 1.55 करोड़ सहित अन्य आरोपियों की संपत्तियां शामिल हैं।

नागौर में भोपालराम विश्नोई के दो मकान, दुकान और वाहनों सहित 1.14 करोड़ रुपए की संपत्ति की कुर्की स्वीकृत हुई। जोधपुर ग्रामीण में अनिल विश्नोई की 26 बीघा जमीन और दो वाहनों की करीब 1.10 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त करने की मंजूरी मिली। हनुमानगढ़ में स्वराज उर्फ शिवराज की 81.61 लाख रुपए की संपत्ति सीज की गई।
जालौर में धोलाराम उर्फ धरिंद्र कुमार और राकेश कुमार विश्नोई की कुल 50.82 लाख रुपए, उदयपुर में विपिन गिरी गोस्वामी की 26 लाख, भीलवाड़ा में लाभचंद उर्फ लाभू धाकड़ की 50 लाख रुपए की भूमि व ट्रैक्टर तथा जोधपुर पूर्व में रमेश विश्नोई की 15 लाख रुपए की स्कॉर्पियो की कुर्की स्वीकृत हुई है।

आईजी विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ विशेष अभियान चलाकर नशा तस्करों की पूरी कुंडली खंगाल रही है। तस्करों की सूची तैयार कर संबंधित जिला पुलिस अधीक्षकों को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। व्यापारिक प्रकृति के मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। प्रत्येक जिले के एसपी कार्यालय में नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष शाखा गठित करने की प्रक्रिया भी चल रही है।

डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाए। उन्होंने आमजन से भी आसपास होने वाले नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here