16 से ज्यादा मामलों वाला नकबजन गिरफ्तार

0
42
Burglar involved in over 16 cases arrested.
Burglar involved in over 16 cases arrested.

जयपुर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने नकबजनी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए 16 से अधिक आपराधिक मामलों में आरोपी शातिर नकबजन राकेश सिंह उर्फ रोकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शोरूम और दुकानों की छत काटकर नकदी चुराता था। पुलिस ने उसके कब्जे से जुड़ी वारदातों का खुलासा कर अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राकेश सिंह उर्फ रोकी (28) उत्तराखंड के चंपावत जिले के तामली थाना क्षेत्र के गांव रमेला का रहने वाला है। वर्तमान में वह सिंधी कैंप रेलवे स्टेशन के पास फुटपाथ पर रह रहा था। उसके खिलाफ वैशाली नगर, चित्रकूट, सदर, झोटवाड़ा और सिंधी कैंप सहित जयपुर शहर के विभिन्न थानों में 16 से अधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने जयपुर पूर्व और जयपुर दक्षिण जिले में भी कई वारदातें करना स्वीकार किया है।

उन्होंने बताया कि थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मानवीय आसूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है। वह दिन में बाजारों में पैदल घूमकर दुकानों और शोरूम की रेकी करता था। रात में छत पर चढ़कर कटर से टीनशेड काटता और अंदर घुसकर तिजोरी व लॉकर से नकदी चुराकर फरार हो जाता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके द्वारा की गई अन्य वारदातों और चोरी के माल के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here