पत्नी व तीन बेटियों की हत्या के बाद फरार हुआ राहुल की तलाश में जुटीं 12 पुलिस की टीमें

0
36

जयपुर। करधनी थाना क्षेत्र में पत्नी और तीन बेटियों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस की जांच अब आरोपी राहुल कुमार झा के गुजरात कनेक्शन पर टिक गई है। जांच में सामने आया है कि राहुल 6 सितंबर को गुजरात गया था और करीब तीन दिन वहां रहने के बाद 9 सितंबर को जयपुर लौटा। इसके अगले ही दिन उसने कथित तौर पर पत्नी गीता देवी और तीन बेटियों की हत्या कर दी। पुलिस ने घर से राहुल का मोबाइल बरामद कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गुजरात में वह किन लोगों से मिला और वहां जाने की वजह क्या थी।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने आरोपी की तलाश के लिए एसीपी शिव भारद्वाज और थानाधिकारी सवाई सिंह के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक टीमें गठित की हैं। टीमें घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं। हालांकि, अभी तक राहुल का कोई सुराग नहीं मिला है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को करधनी क्षेत्र स्थित घर में अलग-अलग कमरों से गीता देवी (40) और उनकी बेटियों नंदिनी (22), राधिका (17) और गिरिशा उर्फ गौरी (14) के शव मिले थे। सुबह करीब नौ बजे तक बहू और पोतियों के नहीं उठने पर बुजुर्ग लक्ष्मीनाथ उन्हें देखने पहुंचे। घर के अलग-अलग कमरों में चारों के शव खून से लथपथ मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस को दूसरी मंजिल पर बने पति-पत्नी के कमरे में संघर्ष के निशान मिले हैं। गीता के गुजरात में रहने वाले पीहर पक्ष से रात करीब डेढ़ बजे मोबाइल पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान राहुल और गीता के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई।

प्रारंभिक जांच के अनुसार राहुल ने सीमेंट की भारी ईंट से पत्नी गीता के सिर पर वार कर उसकी हत्या की। इसके बाद घर में सो रही तीनों बेटियों पर भी उसी तरह हमला किया। पुलिस के अनुसार वारदात में करीब 10 किलो वजनी सीमेंट की ईंट का इस्तेमाल किया गया।

मौके की स्थिति से पुलिस को राहुल और गीता के बीच संघर्ष की आशंका है। गीता के हाथ में कुछ बाल मिले हैं, जिन्हें पुलिस राहुल के बाल होने की संभावना के आधार पर जांच रही है। सबसे छोटी बेटी गौरी का शव ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में बेड पर मिला, जबकि दूसरे कमरे में नंदिनी और राधिका के शव मिले। एक बेटी सोफे पर सो रही थी। भारी वस्तु के वार से वह नीचे गिर गई और सोफा भी टूट गया। इसके बाद उसके सिर पर भी वार किया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल को शेयर बाजार में घाटा हुआ था। इसके बाद वह पत्नी के नाम दर्ज प्लॉट बेचना चाहता था, लेकिन गीता ने इसका विरोध किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होने की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस अब इस विवाद और गुजरात जाने के बीच संबंध की भी पड़ताल कर रही है। राहुल के गुजरात जाने और वहां तीन दिन रुकने को पुलिस जांच का अहम बिंदु मान रही है।

मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस उसके संपर्क में रहे लोगों और गुजरात में उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जयपुर लौटने के बाद उसने किन लोगों से संपर्क किया था। आरोपी की तलाश के साथ पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह और संभावित मददगारों की भूमिका भी खंगाल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here