दूध के रेट को लेकर हुए विवाद में कारोबारी पर सात युवकों ने किया हमला

0
26

जयपुर। कानोता थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात दूध सप्लाई कर घर लौट रहे कारोबारी पर दो बाइकों से आए सात युवकों ने हमला कर दिया। रास्ते में दूध कारोबारी को रोककर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी भागने लगे। लोगों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना रात करीब 10 बजे की है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को राउंडअप किया है।

थानाधिकारी वीरेंद्र सिंह के अनुसार नायला निवासी राधाकिशन शर्मा शहर में दूध सप्लाई करने के बाद घर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राधाकिशन और उनके पड़ोसी भी दूध बेचने का काम करते हैं। राधाकिशन 50 रुपए किलो में दूध बेचते हैं, जबकि पड़ोसी पक्ष 60 रुपए किलो में दूध बेचता है।

इसी कीमत को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार पड़ोसी की बेटी ने यह बात अपने परिचित युवक को बताई, जिसके बाद कुछ युवक राधाकिशन के साथ मारपीट करने पहुंचे थे।

मौके पर पकड़े गए युवक ने भीड़ को बताया कि सात युवक दो बाइकों से आए थे। उसके अनुसार साथियों ने दूध की टंकियां लेकर जाने वाले व्यक्ति से मारपीट करने की बात कही थी और उन्हें बताया गया था कि दूध कारोबारी करीब साढ़े नौ बजे इस रास्ते से गुजरता है। आरोपी ने यह भी बताया कि साथियों ने इससे पहले आगे चल रही एक गाड़ी में सवार व्यक्ति के साथ भी मारपीट की थी।

पकड़े गए युवक ने खुद को गुरदाड़ा फैक्ट्री से आया और टाइल भरने का काम करने वाला बताया। उसने कहा कि वह प्रदीप के कहने पर मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर वाट्सऐप कॉल आया। भीड़ ने कॉल रिसीव करवाकर सामने वाले से बात करने की कोशिश की। आरोपी ने फोन पर ‘बना, एक बार यहां आ जाओ’ कहा। कॉल कटने के बाद उसने बताया कि फोन राहुल बना का था और मोबाइल में उसकी फोटो भी दिखाई।

पुलिस द्वारा राउंडअप किए गए दो आरोपियों के मोबाइल की जांच में हथियारों के साथ बनाई गई रील भी मिली है। पुलिस के अनुसार वीडियो में युवक सरिए, डंडे और एयरगन के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में हथियार लहराते और गाली देते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। पुलिस वीडियो और मोबाइल में मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित राधाकिशन शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।

एसीपी कानोता हजारी लाल यादव ने बताया कि फिलहाल मामला मारपीट से जुड़ा है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के लूट के इरादे से पहुंचने की आशंका की भी जांच की जा रही है। थानाधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दूध के रेट को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here