सीमा चौकियों से गांवों तक पहुंचे डीजीपी: जवानों से किया संवाद

0
50
DGP reaches villages from border outposts; interacts with personnel.
DGP reaches villages from border outposts; interacts with personnel.

जयपुर। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बुधवार को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन नोख थाना, सीमा चौकियों और गांवों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जवानों से संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया और ग्रामीणों की जनसुनवाई कर परिवेदनाओं के निस्तारण के निर्देश दिए।

नोख थाने में बेहतर पुलिसिंग पर जोर:

फलौदी के सीमावर्ती नोख थाने में डीजीपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि दूर-दराज के क्षेत्र में जनसहयोग से बेहतर पुलिसिंग की जाए। नशा तस्करी, साइबर अपराध और सोलर कंपनियों से जुड़े अपराधों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वागत कक्ष की व्यवस्थाएं बेहतर करने तथा पुलिसकर्मियों को फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में आमजन से मृदु व सहयोगी व्यवहार करने को कहा।

ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील:

जालुवाला में सीमा संवाद व जनसुनवाई के दौरान डीजीपी ने ग्रामीणों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र की हर गतिविधि पर प्रभावी निगरानी और सूचना मिलने पर त्वरित प्रतिक्रिया जरूरी है।

डीजीपी ने पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों से नियमित संवाद रखने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक बीट कॉन्स्टेबल के पास गांव के हर परिवार के कम से कम एक सदस्य का मोबाइल नंबर हो और ग्रामीणों के पास भी बीट कॉन्स्टेबल का नंबर उपलब्ध रहे। नशे के दुष्प्रभाव, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़ी जानकारी ग्रामवार समूहों में पहुंचाने पर भी जोर दिया।

बीएसएफ जवानों से लिया फीडबैक:

अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रायचंद वाला बीओपी में बीएसएफ के सीमा प्रहरियों से संवाद कर सुरक्षा, निगरानी और ड्यूटी संबंधी फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि बीएसएफ और राजस्थान पुलिस के बीच प्रभावी समन्वय निरंतर बना रहेगा। सीमा क्षेत्र का निरीक्षण भी किया गया।

भारेवाला और रणाऊ में जनसुनवाई:

डीजीपी ने जैसलमेर के नाचना क्षेत्र के ग्राम भारेवाला और तनोट थाना क्षेत्र के रणाऊ में सीमा संवाद व जनसुनवाई की। ग्रामीणों से अपराध व नशे की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। जालुवाला में आरएसी से सेवानिवृत्त मगना राम को साफा पहनाकर सम्मानित किया।

दौरे में जोधपुर रेंज आईजी सत्येंद्र सिंह, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, बीएसएफ डीआईजी जितेंद्र सिंह, जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह, जैसलमेर कलेक्टर अनुपमा जोरवाल, एसपी सतनाम सिंह, एसपी सीआईडी (एसएसबी जोधपुर) नरपत सिंह, बीएसएफ कमांडेंट एनपी नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

गुरुवार को पांच जिलों की समीक्षा:

दौरे के दूसरे दिन डीजीपी तनोटराय माता मंदिर में दर्शन के बाद सांगड़ थाने का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सिणधरी थाने में बालोतरा व बाड़मेर के एसपी के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा होगी। दोपहर 3 बजे जालोर एसपी कार्यालय में जालोर, पाली और सिरोही के एसपी के साथ कानून-व्यवस्था व अपराध की समीक्षा की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here