रिहायशी मकान बना रखा था शराब का गोदाम

0
45

जयपुर। राजधानी में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग की प्रवर्तन टीम ने विशेष अभियान चलाकर मालवीय नगर और रामनगर इलाके में लगातार कार्रवाई की। अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी में रिहायशी मकान और शराब की डिलीवरी में इस्तेमाल हो रही कारों से विभिन्न ब्रांड की 80 बोतल अवैध शराब जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गुप्त सूचना के आधार पर तैयार विशेष योजना के तहत टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई आयुक्त नमित मेहता, जिला अधिकारी घनश्याम शर्मा और उपायुक्त जोन ज्ञान प्रकाश मीणा के निर्देश पर की गई। अधिकारी लखन मीणा के सुपरविजन और पीओ नरेंद्र सिंह सांजू के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जमादार धीरज सिंह, सिपाही हर्ष वशिष्ठ, रामेश्वर लाल, राम और रिंकू चौधरी की भी कार्रवाई में अहम भूमिका रही।

रामनगर में कार से 36 बोतल बरामद

रामनगर मेट्रो स्टेशन के पास टीम ने एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। कार से विभिन्न ब्रांड की 36 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार कार सवार दो आरोपी शराब की डिलीवरी देने जा रहे थे। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रधान मार्ग पर कार से शराब जब्त

मालवीय नगर के प्रधान मार्ग पर भी टीम ने एक कार को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में अवैध शराब मिली। मौके से कार सवार आरोपी को हिरासत में लिया गया।

मकान में बना रखा था अवैध गोदाम

मालवीय नगर के मदर टेरेसा नगर स्थित रिहायशी इलाके में एक मकान को कथित रूप से अवैध शराब के गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने मकान पर छापा मारकर 44 बोतल शराब जब्त की और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में शराब की सप्लाई कहां से हो रही थी और नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here