पुलिस ने साइबर ठगी के 4.30 लाख रुपए वापस कराए

0
37

जयपुर। राजस्थान सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ के तहत मानसरोवर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के दो मामलों में पीड़ितों के कुल 4.30 लाख रुपए वापस करवाए। पुलिस ने बैंक खातों और पेमेंट गेटवे के नोडल अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर ठगी की रकम होल्ड करवाई और पीड़ितों के खातों में रिफंड कराया।

जयपुर दक्षिण डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों को जल्द राहत दिलाने के लिए सभी थानाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। मानसरोवर थानाधिकारी निरीक्षक सतीश चंद के नेतृत्व में टीम ने साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर रकम के ट्रांजेक्शन की जांच की।

हेमंत कटारा ने 19 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आईसीआईसीआई बैंक की पॉलिसी रिन्यू करने के नाम पर ठगों ने फोन और ईमेल के जरिए गोपनीय जानकारी लेकर 2.50 लाख रुपए ठग लिए। प्रकरण संख्या 536/2026 में जांच के दौरान रकम एचडीएफसी बैंक और ईजबज पेमेंट गेटवे के जरिए ‘श्रीमान इंश्योरेंस’ के खाते में जाना सामने आया। पुलिस ने संबंधित नोडल अधिकारियों से संपर्क कर पूरी 2.50 लाख रुपए की रकम वापस करवा दी।

27 जुलाई को दर्ज दूसरे मामले में पीड़िता को आईसीआईसीआई बैंक क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करने और रिवॉर्ड पॉइंट्स ट्रांसफर करने का झांसा देकर 2.30 लाख रुपए ठग लिए गए। जांच में रकम रत्नाकर बैंक और कैशफ्री पेमेंट गेटवे के जरिए ‘कोमा कंपनी’ के खाते में जाना सामने आया। पुलिस की कार्रवाई से पीड़िता के 1.80 लाख रुपए वापस करवाए गए। इस मामले में प्रकरण के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी में कार्रवाई की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here