जयपुर। एपेक्स हॉस्पिटल के निदेशक एवं क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट डॉ. शैलेश झवर को प्रतिष्ठित एक्यूमेन इंडिया फेलोशिप सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया है। यह फेलोशिप गरीबी और असमानता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रहे सामाजिक बदलाव के प्रयासकर्ताओं को प्रदान की जाती है।
भारत में प्रत्येक कोहोर्ट में करीब 20 फेलो का चयन किया जाता है। फेलोशिप का उद्देश्य प्रोफेशनल स्किल के साथ नैतिक नेतृत्व, सिस्टम्स थिंकिंग और व्यापक स्तर पर सामाजिक प्रभाव बढ़ाने की क्षमता विकसित करना है।
डॉ. झवर ने कहा कि उन्नत क्रिटिकल केयर अब भी बड़े शहरों तक सीमित है, जबकि तकनीक के माध्यम से इसे छोटे शहरों और जिला अस्पतालों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि छोटे शहर या जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती मरीज को रात 3 बजे डिग्री नहीं, बल्कि सही समय पर सही चिकित्सीय निर्णय की जरूरत होती है। वहां मौजूद नर्स को भी जरूरत के समय विशेषज्ञ की सलाह और सहयोग मिलना चाहिए।
इसी सोच के साथ Critical Care HOPE की शुरुआत की गई है, जो साझेदार अस्पतालों को 24×7 विशेषज्ञ सहायता उपलब्ध कराता है। इसका उद्देश्य मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अपने शहर और परिवार से दूर जाने की जरूरत को कम करना है। डॉ. झवर ने कहा कि यह फेलोशिप उपलब्धि से अधिक जिम्मेदारी बढ़ाने का अवसर है, ताकि भविष्य में किसी मरीज के इलाज का निर्णय उसकी भौगोलिक स्थिति के आधार पर तय न हो।



















