जयपुर। देवउठनी एकादशी से शुरू होने जा रहे विवाह के सावे और मांगलिक सीजन के लिए बुधवार को राजधानी जयपुर के प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पूजा की थाली, श्रीफल, प्रसाद और फूलों की माला लेकर मंदिर पहुंचे और विवाह का पहला निमंत्रण पत्र विघ्नविनाशक गणेशजी के चरणों में ससम्मान अर्पित किया।
इस दौरान मंदिर में गजब का उत्साह और रौनक देखने को मिली। कोई परिवार अपने बेटे की शादी का कार्ड लेकर आया था, तो कोई अपनी बेटी के विवाह का पहला न्योता लेकर पहुंचा था। मंदिर के पुजारी ने परंपरा का निर्वहन करते हुए विवाह कार्ड का कुछ हिस्सा पढ़कर भगवान गणेश को सुनाया और पूरे परिवार की ओर से रिद्धि-सिद्धि सहित मांगलिक उत्सव में पधारने की आदरपूर्वक प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं ने भगवान के समक्ष शीश नवाकर यह कामना की कि विवाह समारोह बिना किसी बाधा के निर्विघ्न और हंसी-खुशी संपन्न हो। दीपावली के ठीक बाद पहला बुधवार होने के कारण बड़ी संख्या में आम श्रद्धालुओं ने भी मंदिर पहुंचकर प्रथम पूज्य के दर्शन किए और ढोक देकर परिवार की सुख-समृद्धि की मन्नत मांगी।
मोती डूंगरी गणेश मंदिर में अपनी संतान के विवाह का पहला निमंत्रण भेजने की यह परंपरा वर्षों पुरानी है। इस आस्था से जुड़े होने के कारण केवल जयपुर शहर से ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों, अन्य जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों से भी लोग अपने वैवाहिक कार्यक्रम के कार्ड लेकर विशेष रूप से यहां पहुंचते हैं।
सनातन संस्कृति और जन-मान्यता के अनुसार, किसी भी नए या शुभ कार्य की शुरुआत करने से पहले उसका पहला निमंत्रण विघ्नहर्ता भगवान गणेश को देना अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि गणेशजी को प्रथम निमंत्रण देने से विवाह और अन्य मांगलिक कार्य बिना किसी अड़चन के सफलतापूर्वक पूरे होते हैं। यही कारण है कि जैसे ही घरों में विवाह के कार्ड छपकर आते हैं, परिवारजन सबसे पहले मोती डूंगरी गणेशजी के दरबार में हाजिरी लगाना कभी नहीं भूलते।

















