चाकूबाजी कर युवक को घायल करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

0
107

जयपुर। सुभाष चौक थाना पुलिस ने चाकूबाजी कर युवक को गंभीर घायल करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की स्टिक भी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि सुभाष चौक थाना पुलिस ने चाकूबाजी कर युवक को गंभीर घायल करने के मामले में मोहम्मद रईस (26) भट्टा बस्ती और मोहम्मद फजल (21) निवासी सुभाष चौक हाल गलता गेट को गिरफ्तार किया है। वहीं दो नाबालिगों को निरुद्ध किया है।

थानाधिकारी भरत महर के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद रईस के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और मारपीट सहित अन्य धाराओं में दो मामले दर्ज हैं। इनमें भट्टा बस्ती थाने में वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत और सुभाष चौक थाने में सितंबर 2026 में बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज हुआ था।

दोनों मामलों में चालान पेश किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल महेन्द्र कुमार की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ और अनुसंधान चल रहा है।

गौरतलब है कि 18 नवंबर 2026 को काशिबुउद्दीन निवासी खंडार का रास्ता, सुभाष चौक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि वह भांकरोटा स्थित अपनी बहन के घर था। इसी दौरान रात करीब 9 से 10 बजे मुन्ना भाई का फोन आया कि उसके भांजे सरफराज पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया गया है।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और वारदात के बाद आरोपियों के आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और हुलिए के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर दो नाबालिगों को निरुद्ध किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here