जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने गोदाम से चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि हरमाड़ा थाना पुलिस ने गोदाम से चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए मनीष जाबडौलिया (19) निवासी जयरामपुरा और गुलशन बुनकर (20) निवासी पानी की जयरामपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने परिवादी का चोरी हुआ माल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से मामले में आगे अनुसंधान करने के साथ ही अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक नरेंद्र भडाना के अनुसार 19 नवंबर 2026 को परिवादी प्रकाश मोदी (52) निवासी हरमाड़ा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके मकान के अंदर ही गोदाम बना हुआ है। 18 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे जब वे सो रहे थे, तभी अज्ञात व्यक्ति गोदाम में रखा बीकाजी नमकीन का एक कट्टा चोरी कर ले गया।
आसपास तलाश करने के बावजूद कट्टा नहीं मिला। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों को चिह्नित किया। इसके बाद उन्हें दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।

















