गोविंद देव जी मंदिर में सजा हाथ से बने फूलों का बंगला

0
36
A canopy made of handmade flowers adorns the Govind Dev Ji Temple.
A canopy made of handmade flowers adorns the Govind Dev Ji Temple.

जयपुर। ठिकाना मंदिर श्री राधा गोविंद देव जी में रविवार को भक्ति और सुगंध का अनूठा संगम देखने को मिला। जयपुर वासियों के आराध्य देव ठाकुर श्री राधा गोविंद देव जी के दरबार में रविवार को विशेष ‘फूल बंगले’ की झांकी का भव्य आयोजन किया गया। हाथ से तैयार किए गए इस भव्य फूल बंगले में विराजमान ठाकुर जी की मनमोहक छवि को निहारने के लिए बड़ी संख्या में गोविंद के प्रेमी मंदिर पहुंचे।

मंदिर प्रशासन और सेवादारों के अनुसार रविवार को आयोजित हुई इस विशेष झांकी के लिए कई घंटों की कड़ी मेहनत से हाथ से फूलों का बंगला तैयार किया गया था। इसमें विभिन्न प्रकार के सुगंधित और रंग-बिरंगे देसी-विदेशी फूलों, कलियों और हरी पत्तियों का बेहद खूबसूरती से उपयोग किया गया। ठाकुर श्री गोविंद देव जी और राधा रानी को भी ग्रीष्मकालीन ऋतु के अनुकूल विशेष पोशाक धारण कराई गई और आकर्षक श्रृंगार किया गया।

जैसे ही झांकी के पट खुले, पूरा मंदिर परिसर ‘जय गोविंद’, ‘राधे-राधे’ और ‘हरे कृष्णा’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। रविवार की छुट्टी होने के कारण सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।

गोविंद प्रेमियों ने फूल बंगले की अलौकिक झांकी के दर्शन कर विशेष लाभ उठाया और ठाकुर जी के चरणों में धोक लगाकर खुशहाली की कामना की। गौरतलब है कि राजधानी जयपुर में बढ़ती गर्मी के बीच ठाकुर जी को शीतलता प्रदान करने और भक्ति भाव व्यक्त करने के लिए हर साल इस तरह के भव्य फूल बंगलों की झांकियां सजाई जाती हैं, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here