ट्रांसपोर्टरों की समस्याएं लेकर कमिश्नर से मिला प्रतिनिधिमंडल

0
45

जयपुर। जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को ट्रांसपोर्ट कमिश्नर पुरुषोत्तम शर्मा से मुलाकात कर परिवहन कारोबार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस की अनिवार्यता के कारण वाहनों के परमिट जारी होने में आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश जैन के निर्देशानुसार उपाध्यक्ष कपिल अग्रवाल एवं सदस्य सुनील सोनी ने ट्रांसपोर्ट कमिश्नर से मुलाकात कर ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधियों ने बताया कि व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस की अनिवार्यता के चलते अनेक वाहनों के परमिट जारी नहीं हो पा रहे हैं, जिससे परिवहन व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
इस पर ट्रांसपोर्ट कमिश्नर पुरुषोत्तम शर्मा ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भी पत्र भेजा गया है, ताकि व्यावहारिक समाधान निकाला जा सके।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अधिकृत 151 वेंडर्स के माध्यम से व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सुझाव भी दिया। इसके अलावा ई-डिटेक्शन चालानों में एमनेस्टी योजना लागू करने तथा ओवरलोड वाहनों के मामलों में 10 प्रतिशत तक व्यवहारिक छूट देने जैसे मुद्दे भी उठाए गए।

ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखे गए सभी सुझावों और मांगों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया। बैठक के दौरान परिवहन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि विभाग स्तर पर जल्द निर्णय होने से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को राहत मिलेगी और लंबित समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here