गुरु पुष्य नक्षत्र पर चांदपोल गणेश मंदिर में होगा 101 किलो दूध से अभिषेक

0
52

जयपुर। गुरु पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर 18 जून (गुरुवार) को चांदपोल परकोटा स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर में भगवान गणेश का 101 किलो दूध एवं पंचामृत से भव्य अभिषेक किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी।

मंदिर के महंत पंडित अमित शर्मा के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम के तहत प्रातःकाल भगवान गणेश का दूध, दही, शहद, गंगाजल, केवड़ा जल, गुलाब जल और केसर युक्त जल से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवान गणपति का विशेष श्रृंगार कर उन्हें नवीन पोशाक धारण कराई जाएगी तथा सिंदूर का चोला अर्पित किया जाएगा।

धार्मिक अनुष्ठान की अगली कड़ी में गणपति सहस्त्रनामावली के साथ हवन का आयोजन होगा, जिसमें 1008 मोदकों की आहुति दी जाएगी। वहीं श्रद्धालुओं द्वारा गणपति अथर्वशीर्ष का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा।

मंदिर प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम के दौरान भक्तों को भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी के प्रतीक स्वरूप हल्दी की गांठ और सुपारी वितरित की जाएगी। साथ ही श्रद्धालु भगवान गणेश को दूर्वा अर्पित कर सुख-समृद्धि और मंगल कामना की प्रार्थना करेंगे।

गुरु पुष्य नक्षत्र को अत्यंत शुभ एवं सिद्धिदायक माना जाता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है तथा दर्शन और पूजा की व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here