जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने फरार और स्थाई वारंटी आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फर्जी मेडिकल पेंशनर्स डायरी प्रकरण में फरार चल रहे स्थाई वारंटी आरोपी जयप्रकाश उर्फ जे.पी. को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मंगलवार को अलवर जिले के खेड़ली से गिरफ्तार किया गया।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि अनुसंधान में प्रथम दृष्टया यह प्रमाणित हुआ है कि आरोपी जयप्रकाश उर्फ जे.पी. ने अपने पिता उदयचन्द शर्मा के साथ मिलकर खेड़ली स्थित मोहन ऑफसेट प्रिन्टर्स से फर्जी मेडिकल पेंशनर्स डायरियां छपवाईं। आरोप है कि दोनों ने जयप्रकाश के भाई भूपेन्द्र शर्मा के साथ आपराधिक षड्यंत्र रचकर राज्य सरकार को अनुचित आर्थिक नुकसान पहुंचाया तथा स्वयं आर्थिक और अन्य अनुचित लाभ प्राप्त किया।
एसीबी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जयप्रकाश उर्फ जे.पी. इस पूरे प्रकरण के मुख्य आरोपी भूपेन्द्र शर्मा का भाई है, जबकि उसके पिता उदयचन्द शर्मा को इसी मामले में पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। एसीबी ने आरोपी को खेड़ली (जिला अलवर) से गिरफ्तार किया। इसके बाद विशिष्ट न्यायाधीश, सेशन न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) क्रम-3, जयपुर महानगर द्वारा जारी स्थाई गिरफ्तारी वारंट की अनुपालना में उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



















