सौरव मीणा हत्याकांड का मुख्य आरोपी हरकेश मीणा गिरफ्तार

0
39
Harkesh Meena, the prime accused in the Saurav Meena murder case, arrested.
Harkesh Meena, the prime accused in the Saurav Meena murder case, arrested.

जयपुर। रामनगरिया थाना पुलिस ने सौरव मीणा उर्फ गोलू की हत्या के सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपित हरकेश मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर सौरव का अपहरण किया और करौली जिले के टोडाभीम क्षेत्र में ले जाकर डंडों, बेल्ट और कार के गेट से निकाली गई रबर (बीडिंग) से बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए थे। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि रामनगरिया थाना पुलिस ने सौरव मीणा उर्फ गोलू की हत्या के सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपित हरकेश मीणा निवासी टोडाभीम जिला करौली को धर—दबोचा है।

पुलिस जांच में सामने आया कि हरकेश मीणा और उसके साथियों ने सौरव मीणा उर्फ गोलू का कुंदनपुरा रेलवे फाटक से पीछा किया और जयपुरा गांव के पास झाड़ियों से घिरे खाली भूखंड में उसे पकड़ लिया। इसके बाद हरकेश ने अपने साथी प्रियांशू मीणा को फोन कर कार मंगवाई और सौरव को जबरन कार में डालकर दौसा होते हुए करौली जिले के टोडाभीम ले गए।

वहां खेड़ी और मेरेड़ा गांव के पास सुनसान चारागाह एवं जंगल की कच्ची पगडंडी पर आरोपियों ने सौरव के साथ डंडों, बेल्ट और कार के गेट की रबर से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को टोडाभीम बायपास से रंगलालपुरा और मिल्कीपुरा के खेतों के रास्ते नांगल लाट जाने वाली सड़क के पास खेत की मेड़ पर झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

वारदात में प्रयुक्त कार लेकर आरोपी प्रियांशू मीणा भी फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। मुख्य आरोपी हरकेश मीणा घटना के बाद लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जयपुर के इंदिरा गांधी नगर क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस फरार आरोपी प्रियांशू मीणा और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी में थानाधिकारी चन्द्रभान सिंह, कांस्टेबल मुनेश कुमार, राहुल कुमार और सुशील कुमार की टीम ने कार्रवाई की, जबकि कांस्टेबल शिवपाल की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here