मास्टर चाबी से चुराते थे एक्टिवा: पुलिस ने दबोचे तीन शातिर वाहन चोर

0
33

जयपुर। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मास्टर चाबी की मदद से चंद सेकंड में दुपहिया वाहन चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने चोरी की गई एक्टिवा बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि नाहरगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए कुलदीप शर्मा (32) निवासी आगरा (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी नाहरगढ़, सचिन यादव उर्फ गोलू (25) निवासी फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) हाल पुरानी बस्ती और शिवम शर्मा (29) निवासी जयसिंहपुरा खोर हाल निवासी चांदपोल बाजार को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मौज-मस्ती और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए परकोटा क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस को आशंका है कि गिरोह चांदपोल, कोतवाली, माणक चौक और सुभाष चौक क्षेत्रों में हुई कई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों तथा चोरी के वाहन खरीदने वालों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल विजय कुमार और रविंद्र की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here