36.85 ग्राम स्मैक के साथ शातिर बदमाश गिरफ्तार

0
28

जयपुर। राजधानी में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ और ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान के तहत हरमाड़ा थाना पुलिस और डीएसटी पश्चिम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 36.85 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में भी जेल जा चुका है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके चलते हरमाड़ा थानाधिकारी उदयसिंह और डीएसटी पश्चिम प्रभारी गणेश सैनी के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई थी। जहां टीम ने गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के दौरान ग्राम बिचपड़ी में घेराबंदी कर विष्णु शर्मा (25) निवासी हरमाड़ा को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 36.85 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्मैक को किशनगढ़ रेनवाल क्षेत्र के डूंगरी खुर्द स्थित झुपा की ढाणी निवासी अंकित उर्फ अक्या से खरीदना स्वीकार किया है। पुलिस अब सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि विष्णु शर्मा का आपराधिक रिकॉर्ड भी गंभीर है। उसके खिलाफ कालवाड़ थाने में वर्ष 2023 में दर्ज एक मामले में अपहरण, रंगदारी, नशीला पदार्थ देकर अपराध, सामूहिक दुष्कर्म, आपराधिक षड्यंत्र तथा पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं लगी थीं। इस मामले में पुलिस न्यायालय में चार्जशीट भी पेश कर चुकी है।

इस कार्रवाई में हरमाड़ा थाना और डीएसटी पश्चिम की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी तक पहुंचने और सूचना संकलन में डीएसटी पश्चिम के कांस्टेबल राकेश कुमार की विशेष भूमिका रही, जिसके आधार पर यह कार्रवाई सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here