पीस पैलेस में गीता ज्ञान यज्ञ: अभिनेत्री रितु शिवपुरी ने भी लिया आध्यात्मिक अनुभव

0
35
Actress Ritu Shivpuri also had a spiritual experience.
Actress Ritu Shivpuri also had a spiritual experience.

जयपुर। ब्रह्माकुमारीज के सीकर रोड स्थित श्रीनिवास नगर 6 नंबर पीस पैलेस सेवाकेंद्र में आयोजित एक सप्ताहीय श्रीमद्भागवत गीता ज्ञान कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी देखने को मिल रही है। कार्यक्रम में प्रतिदिन सैकड़ों लोग गीता के आध्यात्मिक रहस्यों से अवगत होकर मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ एडिशनल डीसीपी नॉर्थ रीजन बजरंग सिंह शेखावत, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश सोमानी, समाजसेवी रमेश शाह, ऑल बेस्ट चिल्ड्रन स्कूल के डायरेक्टर राम शर्मा, पीलीबंगा बीकानेर से पधारीं ब्रह्माकुमारी रानी बहन तथा पीस पैलेस सेवाकेंद्र संचालिका एवं कार्यक्रम आयोजक ब्रह्माकुमारी हेमलता बहन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर फिल्म अभिनेत्री रितु शिवपुरी भी पीस पैलेस सेवाकेंद्र पहुंचीं। उन्होंने आध्यात्मिक आर्ट गैलरी का अवलोकन किया और वहां के शांत एवं सकारात्मक वातावरण की सराहना की।

कार्यक्रम के चौथे एवं पांचवें दिन मध्यप्रदेश से पधारीं आदरणीय भारती दीदीजी ने गीता के गूढ़ रहस्यों को सरल शब्दों में समझाते हुए कहा कि आज मानसिक तनाव बढ़ने का प्रमुख कारण यह है कि “मोबाइल तो सबके हाथ में है, लेकिन परिवार हाथ से निकलता जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य लोभ और भौतिक आकर्षण के कारण रिश्तों एवं मूल्यों से दूर होता जा रहा है, जिससे परिवारों में अशांति बढ़ रही है। दीदीजी ने लक्ष्मी और विष्णुजी के चित्रों का आध्यात्मिक अर्थ समझाते हुए कहा कि विष्णु का अर्थ है ऐसा व्यक्तित्व जिसमें विकारों रूपी विष का अंश भी न हो।

उन्होंने बताया कि लक्ष्मीजी द्वारा विष्णुजी के चरण दबाने का भावार्थ यह है कि धन का स्थान जीवन में चरणों में होना चाहिए, न कि दिल और दिमाग में। आज मनुष्य धन के पीछे मूल्यों और रिश्तों को भूलता जा रहा है, जिससे समाज में अशांति फैल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here