जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय एटीएम ठग गैंग के तीन बदमाशों, थाने में हंगामा करने वाले एक हिस्ट्रीशीटर तथा चेक बाउंस मामले के एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस ने बैंक के भीतर एटीएम कार्ड बदलकर खातों से रकम उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। 20 मार्च 2026 को परिवादी रिंकू सैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बैंक के अंदर अज्ञात बदमाशों ने धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 2.30 लाख रुपये निकाल लिए। इस संबंध में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर हरियाणा के पलवल और नूंह (मेवात) क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में आदिल खान (28), निवासी पलवल, शाकीब उर्फ कालू (32), निवासी पलवल तथा हुसैन उर्फ क्रो (31), निवासी नूंह शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
वहीं पुलिस ने जामडोली थाने के हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ हसन रज्जा (50) को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी एक जुलाई को शराब के नशे में खोह नागोरियान थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए हंगामा किया। उसने पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से हेड मोहर्रिर कार्यालय की खिड़की के शीशों पर सिर मारकर उन्हें तोड़ दिया और खुद को भी चोट पहुंचाई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 308(5) एवं सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इसके अलावा पुलिस ने चेक बाउंस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी मनीष जांगिड़ (37) को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत मामला न्यायालय में लंबित था। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी प्रकाशराम के साथ एएसआई महावीर प्रसाद, हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार तथा कांस्टेबल धर्मसिंह और सन्नी कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


















