जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एयू जयपुर साइक्लोथॉन 2026 अभियान के तहत दुर्गापुरा स्थित दुर्गा पार्क में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सतत जीवनशैली और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया तथा हरित एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया गया।
पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति युवा संस्था, जयपुर रनर्स क्लब और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट (आईआईईएमआर) द्वारा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक एवं इटरनल हॉस्पिटल के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में साइक्लिस्ट, फिटनेस प्रेमी, स्थानीय निवासी, स्वयंसेवक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। अभियान का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार करना, जैव विविधता को प्रोत्साहित करना तथा नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष सुधीर जैन गोधा, आईआईईएमआर के प्रबंध निदेशक मुकेश मिश्रा, इवेंट डायरेक्टर कैप्टन शशि किरण, जयपुर रनर्स क्लब के अध्यक्ष प्रवीण तिजारिया सहित अनेक समाजसेवी, पर्यावरण प्रेमी, साइक्लिस्ट और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
आईआईईएमआर के प्रबंध निदेशक मुकेश मिश्रा ने कहा कि पर्यावरणीय स्थिरता एयू जयपुर साइक्लोथॉन अभियान के प्रमुख स्तंभों में से एक है। पौधारोपण जैसे आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही स्वास्थ्य, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अभियान की अगली कड़ी में 6 जून को बिब एक्सपो एवं साइक्लिंग अवॉर्ड्स समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें साइक्लिंग संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साइक्लिस्टों, फिटनेस प्रेमियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान का समापन 7 जून को आयोजित होने वाले एयू जयपुर साइक्लोथॉन 2026 के साथ होगा। इसमें हजारों साइक्लिस्ट, विद्यार्थी, फिटनेस प्रेमी और नागरिकों के भाग लेने की संभावना है।



















