बिजली कनेक्शन के बदले 10 हजार की रिश्वत लेते एवीवीएनएल टेक्नीशियन गिरफ्तार

0
38
AVVNL technician arrested for accepting a bribe in exchange for an electricity connection.
AVVNL technician arrested for accepting a bribe in exchange for an electricity connection.

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की इंटेलिजेंस इकाई अजमेर ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के टेक्नीशियन प्रथम बबलेश कुमार शर्मा को पॉली हाउस के लिए विद्युत कनेक्शन जारी करने की एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने अपने पिता एवं बड़े पिताजी के नाम ग्राम ढसूक स्थित कृषि भूमि (खसरा संख्या 634 एवं 635) पर पॉली हाउस के लिए बिजली कनेक्शन प्राप्त करने के लिए 29 मई 2026 को आवेदन किया था। 23 जून को परिवादी जब एवीवीएनएल के किशनगढ़ स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचा तो वहां गिरीराज मीणा ने कनेक्शन जारी करने के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की और कहा कि इस संबंध में टेक्नीशियन बबलेश कुमार शर्मा का फोन आएगा।

इसके बाद 25 जून को आरोपी बबलेश कुमार शर्मा ने परिवादी को व्हाट्सएप कॉल कर 15 हजार रुपये फोनपे के माध्यम से भेजने के लिए कहा और राशि मिलने पर फाइल तत्काल स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया।

उपमहानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में पुलिस निरीक्षक कंचन भाटी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। 1 जुलाई को मांग सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार आरोपी को फोनपे के माध्यम से 10 हजार रुपये रिश्वत राशि प्राप्त करते ही गिरफ्तार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here