जयपुर। चांदपोल बाजार के नींदड़ रावजी का रास्ता स्थित मंदिर श्री नृसिंह जी के पाटोत्सव में गुरुवार को सजीव नृसिंह लीला का आयोजन किया गया। पाटोत्सव के अवसर पर ठाकुरजी के पून के पश्चात नृसिंह के स्वरूप की आरती उतारी गई। भक्त प्रहलाद के प्राणों की रक्षा के लिए नृसिंह भगवान खंबे से प्रकट हुए। हिरण्यकश्यप को अपनी जंघा पर लेटाकर नाखूनों से वध करने की लीला का शानदार मंचन हुआ। जिसके पश्चात जयकारों के साथ नृसिंह भगवान की शोभायात्रा का आयोजन किया गया। नीदड़ रावजी के रास्ते से शोभायात्रा प्रारंभ हुई और चांदपोल के लिए प्रस्थान की।
मंदिर श्री नृसिंह जी अग्रवाल पंचायत समिति के अध्यक्ष चेतन अग्रवाल और मंत्री कैलाश चंद अग्रवाल ने बताया कि भगवान नृसिंह की झांकी के दर्शन करने के लिए हजारों की संख्या में भक्त उमड़ पड़े। जयकारों के साथ नृसिंह भगवान की सवारी चांदपोल बाजार स्थित रामचंद्रजी मंदिर पहुंची। यहां महंत नरेंद्र तिवारी ने आरती उतार कर स्वागत किया। चांदपोल हनुमानजी मंदिर में पुजारी सुभाष शर्मा, विष्णु शर्मा ने आरती उतारी।
स्वरूप को पंखा करते चले श्रद्धालु
भारी भरकम पोशाक और मुखौटा धारण किए नृसिंह भगवान के स्वरूप को गर्मी से बचाने के लिए पूरे मार्ग में भक्त पंखे से हवा करते चले। जगह-जगह कूलर से भी ठंडक पहुंचाई। मार्ग में भक्तों के लिए ठंडे पानी, मिल्क रोज, शरबत की व्यवस्था की गई। कई स्थानों पर शानदार रंगीन आतिशबाजी कर सवारी की अगवानी की गई। सवारी सद्गुरू मंदिर होते हुए वापस नींदड राव के रास्ते में पहुंची।
पुष्प वर्षा कर किया स्वागत:
भोमिया जी के मंदिर में समिति के संरक्षक रतन लाल अग्रवाल, रामेश्वर चौधरी, सत्यनारायण घीवाला, डॉ. पुष्कर तिवाड़ी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और संतों ने आरती की। संयोजक मनोज अग्रवाल, राधा गोविंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल एवं अन्य सभी पदाधिकारियों ने पूरे मार्ग में भक्तों को प्रसाद का वितरण किया। शुक्रवार को वराह लीला होगी।