जयपुर। श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति के तत्वावधान में गणगौरी बाजार स्थित चौगान स्टेडियम के पीछे सत्संग भवन में भव्य ‘श्याम भजन संध्या’ का आयोजन किया गया। भक्ति और श्रद्धा के इस माहौल में देर रात तक श्रद्धालु बाबा श्याम के भजनों की सरिता में गोते लगाते रहे।
समिति के मंत्री शंकर झालानी ने बताया कि आयोजन को खास बनाने के लिए जयपुर के प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा मोगरा, जूही, खस, कड़ेल एवं गुलाब के सुगंधित पुष्पों से अलौकिक ‘फूल बंगला’ तैयार किया गया। साथ ही, पूरे दरबार को विभिन्न इत्रों से महकाकर वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक बना दिया गया।
भजन संध्या का शुभारंभ किशनपोल बाजार के महंत नरेन्द्र शर्मा एवं बाबूलाल शर्मा ने बाबा श्याम के समक्ष अखण्ड ज्योति प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ किया। इस दौरान बाबा श्याम को रंग-बिरंगे मौसमी फलों और छप्पन भोग का विशेष प्रसाद अर्पित किया गया।
इस कार्यक्रम की शुरुआत गायक योगेश पाराशर ने गणेश वंदना, हनुमान वंदना एवं गुरु भजनों की मनोहारी प्रस्तुतियों से की। इसके पश्चात भजन गायक शंकर नाटाणी, राजू महरवाल, हेमंत माखीजा, आशुतोष शर्मा और योगेश पाराशर ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर स्वरलहरियों पर अनूज खंडेलवाल, योगेश खंडेलवाल, महेश माधवानी, राजेश कट्टा, सत्यनारायण झालानी, गिरधर दूसाध, नितिश शर्मा, आयुष, गिरराज, नीरज, आशीष, हिमांशु, यश और कौशल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर नृत्य किया और बाबा श्याम के जयकारे लगाए। समारोह के दौरान आयोजक लक्ष्मीनारायण ने कार्यक्रम में पधारे सभी श्रद्धालुओं का मोतियों की माला पहनाकर और दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।


















