जयपुर। श्रद्धा और भक्ति के पावन केंद्र श्री अमरापुर स्थान, जयपुर में आगामी बुधवार, 29 जुलाई को ‘गुरु पूर्णिमा’ का पावन महोत्सव पूज्य गुरुदेव सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश महाराज के पावन सान्निध्य में अत्यंत श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जयपुर सहित देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
महोत्सव के दिन प्रात 6 बजे पंडितों एवं विद्वानों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्री मंदिर में भगवान लक्ष्मी नारायण सहित आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊंराम महाराज, सतगुरु स्वामी सर्वानंद महाराज, सतगुरु शांति प्रकाश महाराज एवं सतगुरु हरिदास राम महाराज के श्री विग्रहों का गंगाजल और पंचामृत से विधिवत अभिषेक व पूजा-अर्चना की जाएगी। तत्पश्चात श्री विग्रहों को नूतन वस्त्र धारण करवाकर सूखे मेवे एवं इलायची की सुंदर मालाएं पहनाई जाएंगी।
परंपरा के अनुसार, सतगुरु स्वामी सर्वानंद जी महाराज की मूर्ति की दरबार साहिब में परिक्रमा करवाई जाएगी। देश-विदेश से आने वाले भक्त गुरुदेव को श्रीफल और मिश्री अर्पित कर उनका पूजन करेंगे तथा गुरु चरणों में शीश नवाएंगे। कार्यक्रम के दौरान संत-महात्माओं द्वारा गुरुदेव की अमोलक वाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस का पान कराया जाएगा।
गुरु पूर्णिमा पर्व पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लाखों श्रद्धालु गुरु का प्रसाद ग्रहण करेंगे। संतों ने बताया कि महोत्सव में शामिल होने के लिए मंगलवार सुबह से ही भक्तों का जयपुर आगमन शुरू हो जाएगा, जिसे लेकर अमरापुर स्थान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


















