खोले के हनुमान मंदिर में हुआ श्री राम यज्ञ: 1 लाख 61 हजार आहुतियों के साथ श्रद्धालुओं ने की अच्छी वर्षा की मंगल कामना

0
42

जयपुर। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मंदिर श्री खोले के हनुमान जी में ब्रह्मलीन पं. राधेलाल चौबे जी की प्रेरणा से ‘श्री नरवर आश्रम सेवा समिति’ द्वारा भव्य श्री राम यज्ञ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भाग लेते हुए प्रदेश में अच्छी वर्षा की मंगल कामना की।

समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि रविवार को आयोजित इस यज्ञ में 6 पारियों के दौरान 1530 मालाओं के जप के साथ कुल 1 लाख 61 हजार आहुतियां अर्पित की गईं। अनुष्ठान का शुभारंभ प्रातः 9 बजे विद्वान आचार्यों द्वारा गणेश पूजन, मातृका, योगिनी क्षेत्रपाल, नवग्रह, वरुण एवं सर्वतोभद्र मण्डल के षोडशोपचार पूजन-अर्चन के साथ हुआ।

इसके पश्चात यज्ञ वेदी में ‘रां रामाय नमः’ मंत्र का उच्चारण करते हुए तिल, जौ, चावल, घी और हवन सामग्री के मिश्रण से आहुतियां दी गईं। सायं 5:00 बजे पूर्णाहुति के बाद भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस आयोजन में अनेक संत-महंतों का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ।

बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक यज्ञ में भाग लिया और भगवान राम व हनुमान जी से प्रदेश में समृद्धि और सुवृष्टि (अच्छी वर्षा) की प्रार्थना की। समिति के अनुसार, श्रद्धालुओं के कल्याणार्थ श्री राम यज्ञ का यह आयोजन प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को निःशुल्क किया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here