जयपुर। एसएफएस स्थित श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में 48 दीपकों द्वारा ऋद्धि मंत्रों से युक्त भक्तामर स्तोत्र अनुष्ठान दीप महा अर्चना का संगीतमय आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भगवान आदिनाथ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
राजस्थान जैन युवा महासभा एवं मंदिर समिति के तत्वावधान में दिनेश-दीपिका कासलीवाल शक्तिनगर परिवार द्वारा विश्व शांति, सुख, समृद्धि और आरोग्यता की कामना के साथ आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान आदिनाथ के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
प्रसिद्ध गायक अशोक गंगवाल ने भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं, जबकि मंत्रोच्चार का वाचन मंजू बडजात्या ने किया। श्रद्धालुओं ने हाथों में जैन धर्म ध्वजा और दीपक लेकर भक्ति नृत्य करते हुए मुख्य मंडल पर दीप अर्पित किए। इससे पूर्व णमोकार महामंत्र का सामूहिक जाप भी किया गया।
कार्यक्रम में राजस्थान जैन सभा जयपुर के उपाध्यक्ष विनोद जैन कोटखावदा एवं संगिनी फोरम जेएसजी मेट्रो की संस्थापक अध्यक्ष दीपिका जैन कोटखावदा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों एवं आयोजकों का माल्यार्पण और दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। मंदिर समिति के महामंत्री सोभाग मल जैन ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



















