श्री चतुर्भुज मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

0
40
Commencement of Shrimad Bhagwat Katha at Shri Chaturbhuj Temple
Commencement of Shrimad Bhagwat Katha at Shri Chaturbhuj Temple

जयपुर। पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) के पावन अवसर पर छोटी काशी में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला के तहत छोटी चौपड़ स्थित श्री गलता जी पीठ के अधीन प्राचीन श्री चतुर्भुज जी मंदिर में रविवार से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर से संत-महंतों के सानिध्य में कलश एवं पोथी पूजन कर भव्य कलश यात्रा निकाली गई।

कलश यात्रा में 151 महिलाओं ने सिर पर कलश एवं मंगल घट धारण कर भाग लिया। भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच निकली यात्रा ताड़केश्वर महादेव मंदिर से विभिन्न मार्गों से होती हुई श्री चतुर्भुज मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

कथा के प्रथम दिन व्यास पीठ से वेदाचार्य एवं प्रसिद्ध कथावाचक डॉ. प्रशांत शर्मा ने श्रीमद्भागवत और पुरुषोत्तम मास के महात्म्य का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि अधिकमास में भगवान श्रीकृष्ण की आराधना और श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण अनंत गुना पुण्यदायी होता है। कथा के दौरान जयपुर के अनेक संत-महंतों ने भी उपस्थित होकर भक्तों को आशीर्वाद प्रदान किया। आयोजन समिति ने संतों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मंदिर प्रशासन के अनुसार कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक उत्सवों एवं झांकियों का आयोजन किया जाएगा। 10 जून को भगवान श्रीकृष्ण का नंदोत्सव, 11 जून को ठाकुर जी के समक्ष छप्पन भोग की भव्य झांकी तथा 15 जून को 108 पार्थिव शिवलिंगों का विशेष पूजन एवं रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसी दिन महायज्ञ, हवन, संत एवं ब्राह्मण सम्मान समारोह के साथ कथा का विधिवत विश्राम होगा।

आयोजन समिति के अनुसार कथा के दौरान प्रतिदिन जयपुर एवं प्रदेश के प्रतिष्ठित संत-महंतों का सानिध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा, जिससे आयोजन की धार्मिक गरिमा और बढ़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here