ओडिशा से जयपुर लाई जा रही 150 किलो गांजे की खेप जब्त

0
43

जयपुर। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम ने ओडिशा से जयपुर लाई जा रही करीब 150 किलोग्राम गांजे की खेप जब्त कर अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। बारां जिले में की गई इस कार्रवाई में 149.862 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि एनसीबी जयपुर के जोनल निदेशक अभिषेक नारायण सिन्हा की नियुक्ति के बाद दोनों एजेंसियों ने समन्वित रणनीति बनाकर यह बड़ी कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि जब्त गांजे की खेप जयपुर में बड़े स्तर पर सप्लाई की जानी थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा और छत्तीसगढ़ में खिलौने बेचने के बहाने जाते थे। वहीं से बेहद कम कीमत पर गांजा खरीदकर राजस्थान लाते और विभिन्न शहरों में उसकी सप्लाई करते थे।

सूचना मिलने पर एएनटीएफ और एनसीबी की संयुक्त टीम ने विशेष निगरानी अभियान चलाया। टीम पहले ओडिशा पहुंची, जहां पता चला कि तस्कर रायपुर की ओर रवाना हो चुके हैं और झांसी जाने वाली ट्रेन में सवार हैं। इसके बाद टीम रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और उसी ट्रेन में सवार होकर तस्करों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी।

जांच एजेंसियों के अनुसार तस्कर झांसी रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद एक पिकअप वाहन किराए पर लेकर उसमें अपने परिवार के सदस्यों को बैठाकर राजस्थान की ओर रवाना हुए, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो।

टीम ने पूरे रास्ते उनका पीछा किया और बारां जिले में घेराबंदी कर वाहन से 149.862 किलोग्राम गांजा बरामद कर कालूलाल (48) पुत्र मोहनलाल बागड़ी (मोगिया), निवासी संबलपुर, थाना बारां सदर, रेणु (25) पुत्र जोधराम बागड़ी (मोगिया), निवासी गजनपुरा बम्बुलिया, कोतवाली बारां, नरेश (32) पुत्र जोधराम बागड़ी (मोगिया), निवासी गजनपुरा बम्बुलिया, कोतवाली बारां तथा लोकेश (23) पुत्र नन्दलाल बागड़ी (मोगिया), निवासी बम्बुलिया माताजी, थाना अंता (बारां) को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला, खरीद-फरोख्त के नेटवर्क तथा इससे जुड़े अन्य तस्करों की पहचान के लिए संयुक्त टीम आगे की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here