जयपुर। पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने मैरिज गार्डनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर 3 लाख रुपए की चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी 3 लाख रुपए की नकदी और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपी से पूछताछ में अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि जयपुर ग्रामीण के माधोराजपुरा निवासी अशोक कुमार जैन (51) ने 26 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने मुहाना मंडी रोड स्थित श्री कृष्णा बाग मैरिज गार्डन में विवाह समारोह के लिए हलवाई का कार्य लिया था।
24 जुलाई को आयोजक ने उन्हें 3 लाख रुपए का भुगतान किया था, जिसे उन्होंने मैरिज गार्डन के कमरा नंबर-106 में बैग में रखकर ताला लगा दिया। 25 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे मजदूरों को भुगतान करने पहुंचे तो बैग से पूरी नकदी गायब मिली।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने मैरिज गार्डन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में शाम 7:44 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति चाबी से कमरे का ताला खोलकर अंदर जाता और कुछ देर बाद बाहर निकलता दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी विकास कुमार सैनी (26) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी झुंझुनूं जिले के बबई थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-17 स्थित गौरूवाला ढाणी का निवासी है और वर्तमान में जयपुर के हंस विहार, मांग्यावास में किराये पर रह रहा था। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी 3 लाख रुपए की नकदी तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उससे मैरिज गार्डनों और अन्य स्थानों पर हुई चोरी की कई और वारदातों के खुलासे होने की संभावना है।

















