विशेष तिलक-श्रृंगार के चलते खाटू धाम में एक दिन नहीं होंगे दर्शन

0
52
Darshan at Khatu Dham will be suspended for one day due to a special Tilak-Shringar ceremony.
Darshan at Khatu Dham will be suspended for one day due to a special Tilak-Shringar ceremony.

जयपुर/खाटूश्यामजी / सीकर। बाबा श्याम के दर्शन के लिए खाटू धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। श्री श्याम मंदिर कमेटी के अनुसार विशेष तिलक-शृंगार अनुष्ठान के चलते खाटूश्यामजी मंदिर के पट 18 जून की रात 10 बजे से 19 घंटे के लिए बंद रहेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं को बाबा श्याम के प्रत्यक्ष दर्शन नहीं हो सकेंगे।

श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मंदिर की परंपरा के अनुसार अमावस्या के बाद बाबा श्याम का विशेष तिलक-शृंगार किया जाता है। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान बाबा श्याम के मस्तक पर चंदन का विशेष लेप लगाया जाता है तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई जाती है।

उन्होंने बताया कि तिलक-शृंगार की संपूर्ण प्रक्रिया में 8 से 10 घंटे या उससे अधिक समय लग सकता है। इसी कारण 18 जून की रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे और 19 जून को पूरे दिन मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। इस अवधि में केवल अधिकृत पुजारी ही विशेष पूजा और शृंगार की व्यवस्थाओं में शामिल रहेंगे।

मंदिर प्रशासन के अनुसार तिलक-शृंगार अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद 19 जून को शाम 5 बजे मंदिर के पट पुनः श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद बाबा श्याम के दर्शन एवं नियमित पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो जाएगा।

मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय मंदिर के बंद रहने की अवधि का ध्यान रखें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here