बातों में उलझाकर बुजुर्ग महिला से कुंडल और पर्स लूटा

0
44

जयपुर। शिप्रापथ थाना क्षेत्र में दो बदमाशों ने कथित तौर पर बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर उसके सोने के कुंडल और नकदी से भरा पर्स लूट लिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दौसा जिले के मंडावर निवासी 65 वर्षीय जनक दुलारी वर्तमान में परिवार के साथ मानसरोवर स्थित गोविंद विहार में रहती हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10.45 बजे वह रिद्धि-सिद्धि चौराहे के पास स्थित एक सुपरमार्केट में खरीदारी के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और बातचीत करने लगे।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बातचीत के दौरान दोनों युवक महिला को अपने प्रभाव में लेकर कुछ दूरी तक साथ ले गए। इसके बाद महिला के कानों में पहने सोने के कुंडल और पर्स लेकर फरार हो गए। पर्स में करीब पांच हजार रुपए नकद रखे हुए थे।
घटना के बाद सड़क किनारे असहाय अवस्था में खड़ी महिला को राहगीरों ने संभाला। कुछ मिनट बाद सामान्य होने पर उन्हें अपने कुंडल और पर्स गायब होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें संदिग्ध युवक दिखाई दिए। सूचना मिलने पर शिप्रापथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here