जयपुर। जयपुर ईस्ट के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष सर्च अभियान के तहत शनिवार को दो अहम कार्रवाइयों को अंजाम दिया। पुलिस ने एक महिला नशा तस्कर को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। वहीं इलाके में दहशत का पर्याय बने दो सक्रिय बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उन पर निगरानी और सख्ती बढ़ा दी है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने इंदिरा गांधी नगर के कुंदनपुरा सेक्टर नंबर 01 में सर्च अभियान के दौरान एक महिला नशा तस्कर को दस्तयाब किया। गिरफ्तार महिला की पहचान अंजली सांसी (30) पत्नी बंटी सांसी, निवासी कुंदनपुरा, इंदिरा गांधी नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5.50 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक तथा नशा बिक्री से प्राप्त 5500 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब उससे स्मैक के सप्लायर नेटवर्क और आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
इसके अलावा इलाके में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों में भय पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस ने दो आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उनकी सतत निगरानी शुरू कर दी है।
पहला आरोपी कयूम खान (50) पुत्र नजीर, निवासी राक्ष्या की ढाणी, खोह नागोरियान है। बताया गया है कि वह पटाखा फैक्ट्री से जुड़ा मास्टरमाइंड है और उसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इलाके में उसका लंबे समय से दबदबा माना जाता रहा है।
दूसरा आरोपी अविनाश पंडित (36) पुत्र स्व. रामकिशन, निवासी चौड़ा रास्ता (माणक चौक), हाल निवासी सेक्टर-14, इंदिरा गांधी नगर है। पुलिस के अनुसार इस सक्रिय अपराधी पर भी कई मामलों में संलिप्तता रही है, जिस पर अब लगातार कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी प्रकाशराम के साथ उप-निरीक्षक उदयवीर सिंह, कांस्टेबल बजरंगलाल , कांस्टेबल धीरज तथा कांस्टेबल सुमनेश की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।



















