बेटे ने चाकू से वार कर की मां की हत्या: शव घर के बाहर फेंक हुआ फरार

0
189

जयपुर। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र के बुंदू विहार इलाके में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां एक बेटे ने अपनी ही मां की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वही वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला का शव घर के बाहर पड़ा मिला, जिसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

सूचना पर खोह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला के माथे और बाईं आंख के नीचे चाकू से गहरे वार किए गए थे, वहीं सिर पर किसी भारी वस्तु से भी हमला किए जाने की आशंका जताई गई है।

एडिशनल डीसीपी (पूर्व) आलोक सिंघल ने बताया कि मृतका की पहचान पन्नी देवी (55) पत्नी हजारी लाल बैरवा निवासी गंगापुर सिटी के रूप में हुई है। वह वर्तमान में जयपुर के बुंदू विहार इलाके में अपने तीन बेटों तेजराम बैरवा, हरकेश बैरवा और अनिल के साथ किराए के मकान में रह रही थीं।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह दोनों बड़े बेटे तेजराम और हरकेश मजदूरी के लिए घर से निकल गए थे। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे छोटे बेटे अनिल ने अपनी मां पन्नी देवी पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। करीब एक घंटे बाद लगभग 1 बजे महिला का शव घर के बाहर पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि वारदात से पहले पन्नी देवी ने अपने भांजे को फोन कर रोते हुए बताया था कि छोटा बेटा अनिल उसे मकान में बंद करके मारने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलने के बाद जब परिजन घर पहुंचे तो हत्या की पुष्टि हुई।

परिजनों के अनुसार आरोपी अनिल नशे का आदी है और पिछले दो दिनों से घर में तनाव का माहौल था। बताया गया कि उसे समझाने और नियंत्रण के लिए परिवार द्वारा झाड़-फूंक भी करवाई गई थी, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

वारदात के बाद से आरोपी अनिल फरार है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here