मारपीट के मामले में फरार हिस्ट्रीशीटर सहित पांच गिरफ्तार

0
46
Two notorious criminals arrested along with gamblers.
Two notorious criminals arrested along with gamblers.

जयपुर। कानोता थाना पुलिस ने मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर एवं इनामी बदमाश समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सलमान खान उर्फ सलमान गद्दी के कब्जे से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। अन्य आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 11 जून 2026 को दर्ज प्रकरण में परिवादी ने शिकायत दी थी कि 8 जून को आरोपियों ने उसे धमकाया और 10 जून की रात करीब आठ बजे परिवादी एवं उसके भाई के साथ लाठी-डंडों, सरियों तथा हथियार के बल पर मारपीट की। इस संबंध में कानोता थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी सलमान खान उर्फ सलमान गद्दी को गिरफ्तार किया गया।

वह गंगापुर सिटी का हिस्ट्रीशीटर एवं इनामी अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया।

पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सलमान खान उर्फ सलमान गद्दी, शाहरुख खान, नासिर खान, धनराज बैरवा उर्फ छोटू और रफीक खान शामिल हैं। इससे पहले इसी मामले में सोहेल खान, आसिफ खान और साहिल खान को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है। बरामद हथियारों के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here