नाहरगढ़ अभयारण्य में वनपाल एवं वनरक्षक 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
38

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट-द्वितीय जयपुर ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए नाहरगढ़ अभयारण्य की काला महादेव चौकी पर तैनात वनपाल और वनरक्षक को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी वनपाल श्याम सिंह को 20 हजार रुपए तथा वनरक्षक शिवकिशोर को 30 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया।

एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसने आमेर के मावठा में शूटिंग का कार्य किया था। इस कार्य से संबंधित सिक्योरिटी राशि वापस दिलाने की एवज में काला महादेव चौकी, नाहरगढ़ अभयारण्य में पदस्थ श्याम सिंह और शिवकिशोर रिश्वत की मांग कर रहे थे।

शिकायत के अनुसार, श्याम सिंह पहले ही परिवादी से 15 हजार रुपए रिश्वत ले चुका था और इसके बाद 20 हजार रुपए की मांग कर रहा था। वहीं, शिवकिशोर 30 हजार रुपए मांग रहा था।

शिकायत के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक एसीबी जयपुर पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में टीम गठित की गई। टीम ने गुरुवार को ट्रेप कार्रवाई करते हुए श्याम सिंह को 20 हजार और शिवकिशोर को 30 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here