गणेश प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार की मौत

0
33

जयपुर। राजसमंद जिले के रेलमगरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। दुर्घटना बनेडिया ग्राम पंचायत के खटुकड़ा मार्ग पर हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रेलमगरा अस्पताल और आरके जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

रेलमगरा थानाधिकारी प्रवीण सिंह जुगतावत ने बताया कि लोग सांसेरा स्थित जल देवी माताजी तालाब में गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे। खटुकड़ा मार्ग पर एक मोड़ के दौरान अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर रेलमगरा अस्पताल और आरके जिला अस्पताल पहुंचाया।

थानाधिकारी के अनुसार हादसे में तुरकिया खेड़ा निवासी शंकरसिंह पुत्र जोध सिंह (65), तकड़ियों का गुड़ा, नाथद्वारा निवासी पुष्पा कुंवर पत्नी शंभूसिंह (45), तुरकिया खेड़ा निवासी हरीश लोहार पुत्र राजकुमार लोहार (12) और तुरकिया खेड़ा निवासी ललिता पुत्री भंवर सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य 11 लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर राजसमंद जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा और जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल भी जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनके उपचार की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से स्थिति के संबंध में जानकारी ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here