जयपुर। मानसरोवर, अग्रवाल फार्म स्थित ‘म्हारे घरा पधारो श्याम संस्था’ के तत्वावधान में सावन मास की पवित्र एकादशी के अवसर पर आगामी 9 अगस्त रविवार को भव्य ‘श्याम झूला महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक कार्यक्रम सेक्टर-113 स्थित श्याम पार्क में शाम 7 बजे से आयोजित होगा।
आयोजन की जानकारी देते हुए पूरण सैनी ने बताया कि महोत्सव के दौरान बाबा श्याम की पावन अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी और एक भव्य व आकर्षक श्याम दरबार सजाया जाएगा। प्रभु को विविध व्यंजनों का 56 भोग अर्पित किया जाएगा। झूला महोत्सव के तहत श्रद्धालुओं को बाबा श्याम को झूला झुलाने का सौभाग्य प्राप्त होगा।
संस्था के अध्यक्ष रतन कट्टा ने बताया कि आयोजन के दौरान एक विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक कुमार गिरिराज, गोपाल सेन, शुभम शर्मा, निशा शर्म अपने मधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। संस्था ने क्षेत्र के सभी श्याम भक्तों को इस भव्य आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ कमाने का निमंत्रण दिया है।



















