जयपुर। करणी विहार थाना क्षेत्र में रविवार—सोमवार की मध्यरात्रि तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां सिरसी रोड पर बेकाबू कार पलटने से एक होटल संचालक की मौत हो गई, जबकि कार चालक घायल हो गया। हादसे के बाद कार में सवार अन्य युवकों ने खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
एसआई ओमप्रकाश ने बताया कि हादसे में पलसाना (सीकर) निवासी 26 वर्षीय सुरेंद्र सिंह शेखावत की मौत हो गई। सुरेंद्र सिरसी रोड स्थित सैफरॉन होटल का संचालन करते थे। रविवार रात करीब 12 बजे वह अपने दोस्तों के साथ दो गाड़ियों में 200 फीट बाइपास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जयपुर बेकरी के सामने तेज रफ्तार कार डिवाइडर से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के समय कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक बताई जा रही है। कार पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कार में सुरेंद्र ड्राइवर के पास वाली सीट पर बैठे थे। हादसे के बाद कार में सवार पांच अन्य युवकों ने खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
साथियों और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर घायल सुरेंद्र सिंह शेखावत और कार चालक अशोक बिश्नोई (26) निवासी जोधपुर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल चालक अशोक का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



















