जयपुर। आस्था, भक्ति और श्रद्धा के केंद्र श्री अमरापुर स्थान, जयपुर में मंगलवार को सिंध के महान संत युगपुरुष आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज के पावन चालीहा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। ब्रह्ममुहूर्त में विद्वान पंडितों, वेदाचार्यों एवं संत-महात्माओं के सान्निध्य में मंत्रोच्चारण के साथ आचार्य श्री का पूजन-अर्चन कर मोगरा एवं तुलसी की मालाएं अर्पित की गईं।
इस अवसर पर सामूहिक चालीसा पाठ, सद्गुरु टेऊँराम 108 नामावली पाठ, आरती एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूज्य स्वामी मोहनलाल महाराज ने बताया कि सद्गुरु टेऊँराम महाराज का जन्मोत्सव वर्ष में 108 बार विभिन्न अवसरों पर मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि स्वामी टेऊँराम महाराज ने 800 पृष्ठों के आध्यात्मिक ग्रंथ ‘श्री प्रेम प्रकाश’ की रचना की, जिसमें सामाजिक समरसता और विश्व बंधुत्व का संदेश निहित है।
चालीहा महोत्सव के तहत 9 जून से 19 जुलाई तक प्रतिदिन प्रातः 6 से 6.40 बजे तक हवन-यज्ञ होगा। साथ ही भजन, सत्संग, प्रेम प्रकाश ग्रंथ की वाणी का वाचन, सामूहिक चालीसा पाठ एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। 40 दिवसीय महोत्सव के दौरान गौशाला, कुष्ठ आश्रम, अनाथालय एवं अस्पतालों में सेवा कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा जल मंदिर अन्न प्रसादम में छाछ, शर्बत, लस्सी, मिल्क रोज और आम रस वितरण किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान चित्रकला, आध्यात्मिक प्रश्नोत्तरी, भजन अंताक्षरी प्रतियोगिता, नौका विहार एवं जल विहार झांकियों सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।



















