विशाल श्याम अमृत महोत्सव में भक्ति रस में सराबोर हुए श्रद्धालु

0
52

जयपुर। श्री श्याम सत्संग महिला मंडल के तत्वावधान में सी-स्कीम स्थित पृथ्वीराज रोड के महारानी बैंक्वट में आयोजित विशाल श्री श्याम अमृत महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम बन गया। भजन संध्या में बाबा श्याम के लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूम उठे और लखदातार के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम संयोजक चंद्र प्रकाश अग्रवाल एवं मोहनलाल अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायक मनीष गर्ग, मास्टर रेहांश, गोविंद निशा शर्मा, अविनाश शर्मा, अमित नामा, राज राठौड़ और अजय शर्मा ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कलाकारों ने देर रात तक एक से बढ़कर एक श्याम भजन प्रस्तुत कर भक्तों को भक्ति रस में सराबोर रखा।

महोत्सव में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कई श्रद्धालु भजनों की धुन पर नृत्य करते नजर आए, जबकि अन्य भक्त तालियां बजाकर और जयकारे लगाकर अपनी आस्था व्यक्त करते रहे। देर रात तक चले आयोजन में भक्ति और संगीत का ऐसा समागम देखने को मिला, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं के मन में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया। समापन तक पूरा परिसर श्याम भक्ति के रंग में रंगा रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here