
जयपुर। विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने जवाहर सर्किल पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि करीब 800 से 1000 लोगों को सुरक्षित भोजन, मिलावट की पहचान और खाद्य सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। इस दौरान पेम्फलेट, ब्रोशर और डार्ट बुक का वितरण किया गया।
फूड सेफ्टी ऑन व्हील मोबाइल लैब में दूध, मावा, पनीर और मसालों सहित 15 खाद्य नमूनों की जांच की गई। संगोष्ठी में संयुक्त आयुक्त डॉ. वी.पी. शर्मा ने ‘‘सभी के लिए सुरक्षित भोजन’’ विषय पर जानकारी देते हुए मोटे अनाज, संतुलित आहार तथा तेल, नमक और चीनी के सीमित सेवन पर जोर दिया।
टीम ने जवाहर सर्किल चौपाटी के करीब दो दर्जन फूड स्टॉलों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और फूड लाइसेंस संबंधी निर्देश भी दिए। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों सहित विभागीय टीम ने भागीदारी निभाई।


















