अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस :एसएमएस स्टेडियम सहित शहर के प्रमुख स्थलों पर होगा सामूहिक योगाभ्यास

0
32
International Yoga Day: Mass yoga sessions to be held at major city locations, including SMS Stadium.
International Yoga Day: Mass yoga sessions to be held at major city locations, including SMS Stadium.

जयपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अवसर पर रविवार को जयपुर में विभिन्न स्थानों पर भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम सवाई मानसिंह (एसएमएस) स्टेडियम में आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त शहर के प्रमुख सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों अल्बर्ट हॉल, पत्रिका गेट, जलमहल तथा आमेर फोर्ट पर भी प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रहेगी। योगाभ्यास कार्यक्रमों में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थी, विभिन्न संस्थाओं के योग साधक, एनसीसी, सीआरपीएफ, पुलिस, होमगार्ड, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। विभिन्न स्थलों पर प्रतिभागियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है तथा संबंधित विभागों को समन्वयपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला कलक्टर ने आमजन से अधिकाधिक संख्या में योगाभ्यास कार्यक्रमों में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं आध्यात्मिक उन्नति का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देता है तथा तनाव मुक्त एवं सकारात्मक जीवन जीने में सहायक होता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग वैश्विक स्तर पर समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रभावी साधन के रूप में स्थापित हो चुका है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में प्राणायाम, योगासन, ध्यान एवं अन्य योग क्रियाओं को अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here