जयपुर। गणाचार्य कुंथी सागर महाराज एवं आचार्य देव नंदी महाराज के शिष्य जयकीर्ति मुनिराज के सानिध्य में राजस्थान जैन युवा महासभा, जयपुर जैन कनेक्ट, दुर्गापुरा जैन मंदिर ट्रस्ट एवं महिला मंडल दुर्गापुरा के संयुक्त तत्वावधान में दुर्गापुरा के श्री दिगंबर जैन मंदिर चन्द्र प्रभजी में 18 से 27 मई तक पद्मपुराण पर आधारित जैन रामायण कथा का संगीतमय आयोजन किया जाएगा। जयकीर्ति मुनिराज के सान्निध्य में सुबह 8:15 से 10:15 बजे तक जैन रामायण कथा का संगीतमय आयोजन होगा। जैन रामायण कथा के संगीतमय आयोजन से जयपुर वासियों को राम के जीवन के कई अनछुए पहलुओं की जानकारी मिलेगी।
बुधवार को जय जवान कॉलोनी के दिगम्बर जैन मंदिर में आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। बैठक में जयपुर स्थित विभिन्न दिगंबर जैन मंदिरों, महिला मंडलों, युवा मंडलों, दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप, जैन सोश्यल ग्रुप एवं संगिनी फोरम के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
इससे पूर्व मुनिश्री ने महावीर नगर दिगम्बर जैन मंदिर के दर्शन कर मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं को जैन रामायण कथा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम जैन धर्म सहित अन्य धर्मों में भी पूजनीय हैं। आठवें बलभद्र श्रीराम चन्द्र मांगीतुंगी तीर्थ से मोक्ष गए हैं। शलाका पुरुष श्रीराम के जीवन चरित्र से हमें आदर्श जीवन जीने का संदेश मिलता है।